पटना: सारण क्रिकेट लीग (SCL) में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन लगातार जारी है। इसी क्रम में छपरा की माननीय विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने लीग में शिरकत की और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर श्रीमती छोटी कुमारी ने एकमा चैलेंजर्स और मांझी स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मैन ऑफ द मैच श्री गुड्डू यादव को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने सोनपुर किंग्स और अमनौर टाइगर्स के बीच खेले गए मुकाबले का टॉस भी कराया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि अमनौर टाइगर्स अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर चुकी है।
श्रीमती छोटी कुमारी ने सारण के सांसद श्री राजीव प्रताप रूडी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
सारण क्रिकेट लीग में दस टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रतियोगिता को हंगर फ्री भारत मिशन के साथ भी जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से क्रिकेट के जरिए भोजन की बर्बादी रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
लीग का ग्रैंड फिनाले 28 नवंबर को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

